Tata की ओर से फ्री कार जीतने का ऑफर: कहीं आप भी तो नहीं आ गए झांसे में

Jai Rana
0

Whatsapp पर चल रहा टाटा की 150वीं एनीवर्सरी का मैसेज, इसमें 4 सवालों के जवाब देने पर फ्री Nexon जीतने का दावा

फेस्टिवल सीजन में कार कंपनियों की तरफ से कई लुभावने ऑफर दिए जाते हैं। यही वजह है कि ज्यादातर लोग नवरात्रि से दीवाली के दौरान गाड़ी खरीदते हैं। लोगों के ऑफर वाली सोच का कई हैकर्स भी फायदा उठाने के लिए तैयार रहते हैं।

इन दिनों वॉट्सऐप पर एक मैसेज तेजी से फॉरवर्ड हो रहा है। इसमें टाटा ग्रुप की तरफ से फ्री कार जीतने का मौका मिल रहा है। लोग इसी ऑफर के लालच में इस लिंक पर क्लिक और फॉरवर्ड कर रहे हैं।

ऐसा मैसेज आपको मिल चुका है, या हो सकता है कि आने वाले दिनों में मिल जाए, तो इस पर क्लिक करने की गलती न करें।
ये मैसेज पूरी तरह से फेक है। टाटा ने ऐसा कोई ऑफर जारी नहीं किया है। खुद कंपनी इस बात को बता चुकी है। यदि आप इस लिंक पर क्लिक करते हैं तब आपको कई तरह से नुकसान हो सकता है।

टाटा ग्रुप अपने सोशल अकाउंट पर एक मैसेज में कहा कि टाटा ग्रुप या उसकी कंपनीज इस तरह की किसी भी प्रमोशनल एक्टिविटी के लिए जिम्मेदार नहीं है। प्लीज ऐसे लिंक पर क्लिक न करें। किसी को फॉरवर्ड भी न करें। कंपनी ने मैसेज के साथ #FakeNotSafe भी जोड़ा है। साथ ही, अपने ग्राहकों को ऐसे फेक मैसेज से बचने के टिप्स भी दिए हैं। कंपनी ने कहा है कि

1. ऐसे मैसेज के सोर्स और सेंडर को वेरिफाई करें।
2. मैसेज की प्रमाणिकता को चेक करने ऑफिशियल वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल को भी चेक करें।
3. किसी भी URL पर क्लिक करने से पहले उसे दोबारा चेक करें।
4. किसी भी अनवेरिफाइड मैसेज को आप फॉरवर्ड न करें।

क्या होता है अगर आप इस मैसेज पर क्लिक करते हैं?

इस मैसेज में लिखा है, ‘टाटा ग्रुप। 150th एनीवर्सरी सेलिब्रेशन!! इवेंट में शामिल होने और कार जीतने के लिए लिंक पर क्लिक करें।’ मैसेज के साथ नीचे की तरफ एक लिंक को भी जोड़ा गया है।

आखिर इस लिंक में क्या है?

जब हमने इस लिंक पर क्लिक किया, तो टाटा ग्रुप का एक पेज ओपन होता है। इस पर टाटा की पॉपुलर SUV नेक्सन का फोटो लगा हुआ है। साथ ही लिखा है – Congratulations! Tata Groups. 150th Anniversary Celebration! Through the questionnaire, you will have a chance to get Tata Nexon EV.

नीचे की तरफ स्क्रॉल करने पर यूजर से 4 सवाल पूछे जा रहे हैं। इनका जवाब देने के लिए आपको कुछ ऑप्शन भी मिल रहे हैं। ये 4 सवाल इस तरह हैं…
पहला सवाल : Do you know Tata Groups. ?
दूसरा सवाल : How old are you ?
तीसरा सवाल : How do you think of Tata Groups. ?
चौथा सवाल : Are you male or female ?

इन चारों के जवाब देने के बाद स्क्रीन पर नया पेज ओपन होता है। जिसमें बधाई के साथ यूजर को गिफ्ट बॉक्स चुनने के लिए कहा जाता है। यूजर को 12 बॉक्स में से 3 बॉक्स चुनने का ऑप्शन मिलता है। क्लिक करने पर पहले दो बॉक्स खाली निकलते हैं। वहीं, तीसरे बॉक्स में टाटा नेक्सन निकल आती है।

अब आपसे नेक्स्ट पेज पर जाने के लिए कहा जाता है, लेकिन इसके लिए एक इस लिंक को शेयर करने की कंडीशन रखी जाती है। यानी आपको ये लिंक अपने वॉट्सऐप कॉन्टैक्ट और ग्रुप में शेयर करना होगी। इसके लिए 3 कंडीशन रखी जाती हैं..

1. लिंक को फ्रेंड्स या ग्रुप में शेयर करें, इसके लिए नीचे दिए “Share” आइकॉन पर क्लिक करें।
2. अलग-अलग ग्रुप और दोस्तों से इसे शेयर करने के बाद इसे रिव्यू किया जाएगा।
3. अब “Continue” पर क्लिक करके अपने प्राइज का क्लेम करें।

लिंक पर क्लिक करने से मैलवेयर आने का खतरा

टेक एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसे मैसेज में मिलने वाले ऑफर के सामने अक्सर यूजर उसकी प्रमाणिकता को भूल जाता है। इस तरह के मैसेज में जो लिंक दिए जाते हैं, उन पर क्लिक करने से फोन में मैलवेयर का ट्रोजन इन्स्टॉल हो सकता है। ये एक तरह के वायरस होते हैं, जो आपके फोन का डेटा चोरी कर सकते हैं। आपके फोन में होने वाली एक्टिविटी की जानकारी हैकर्स तक पहुंचा सकते हैं। आपके बैंक अकाउंट पर भी इससे खतरा हो सकता है। यदि ऐसे किसी ऑफर का मैसेज मिलता है तब उसे कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जरूर चेक करें।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)